अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में कुमाऊं की पहली हार्ट केयर यूनिट में फिलहाल पहले चरण में ओपीडी की सभी व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। प्रारंभिक जांच के लिए जहां जरूरी मशीनें लग गई हैं, वहीं नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ने करार के मुताबिक दो हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती कर दी है। अब सप्ताह भर में उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होते ही हार्ट केयर यूनिट काम करना शुरू कर देगी। उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत आगामी दिनों में किसी भी तिथि को अल्मोड़ा आ सकते हैं।
अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में हार्ट केयर यूनिट स्थापित करने के लिए कुछ माह पहले प्रदेश सरकार का नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के साथ करार हुआ है। नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. ओपी यादव खुद पिछले कई सालों से अल्मोड़ा में इस तरह की यूनिट स्थापित करने के लिए दिलचस्पी दिखा रहे थे। कुमाऊं में किसी भी अस्पताल में हार्ट रोगियों के इलाज की सुविधा नहीं है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने भी इस ओर कदम बढ़ाते हुए बीते दिनों करार पर हस्ताक्षर कर दिए। करार के मुताबिक पहले चरण में हार्ट केयर यूनिट में रोगियों की जांच करके उनका प्राथमिक उपचार किया जाएगा और फिलहाल रोगियों को एक साल तक हार्ट सर्जरी आदि के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। कम गंभीर रोगियों के अन्य सभी तरह के उपचार अल्मोड़ा में ही होंगे।
हार्ट सर्जरी के बाद भी रोगियों को बाद के चेकअप के लिए भी दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। एक साल बाद मशीनें आदि लगाई जाएंगी और फिर ओपन हार्ट सर्जरी भी अल्मोड़ा में ही होगी। करार के मुताबिक बेस अस्पताल में हार्ट रोगियों की प्रारंभिक जांच के लिए ईसीजी, ईको आदि मशीनें और उपकरण लग गए हैं। हार्ट रोग से संबंधित दवाएं भी आ गई हैं। इधर दो दिन पहले नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट की ओर से दो हार्ट रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समेत अन्य तकनीकी स्टाफ तैनात कर दिया गया है।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक और जाने माने हार्ट सर्जन डॉ. ओपी यादव ने बताया कि ओपीडी काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है और जल्द ही उद्घाटन के बाद रोगियों का इलाज शुरू कर दिया जाएगा। इधर विधायक मनोज तिवारी ने इसे अल्मोड़ा के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि हार्ट केयर यूनिट के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत को जल्द अल्मोड़ा आमंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। तिवारी इस संबंध में सीएम से वार्ता के लिए देहरादून रवाना हो गए हैं। यह माना जा रहा है कि सप्ताहभर में आचार संहिता लग सकती है, इसलिए इससे पहले ही हार्ट केयर यूनिट का शुभारंभ हो जाएगा।