अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र के रतूराड़ स्थित प्राचीन गोल्ज्यू मंदिर के दिन अब संवरने की उम्मीद जगी है। लोगों की आस्था से जुड़े इस ऐतिहासिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) ने करीब 40 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
इस प्राचीन मंदिर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और मन्नतों के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार गोल्ज्यू देवता के प्रति क्षेत्रवासियों में गहरी आस्था है। लंबे समय से मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाओं के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग उठाई जा रही थी। प्रस्ताव के तहत मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, परिसर को व्यवस्थित करने सहित अन्य विकास कार्य किए जाने की योजना है। प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने मंदिर के विकास के लिए उठाए गए कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि मंदिर के सौंदर्यीकरण से जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
-
कोट
मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 40 लाख प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
एचसी शर्मा, अवर अभियंता, केएमवीएन