उत्तराखंड में अल्मोड़ा के एक स्कूल में चौथी कक्षा की एक छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने दो दिन पहले उस समय बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया जब वह स्कूल में शौचालय गई हुई थी।
बच्ची ने डर के कारण दो दिन बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक छात्रा दो अप्रैल को करीब 12 बजे स्कूल परिसर में कक्षाओं से हटकर बने शौचालय में गई थी। तभी एक बदमाश वहां घुस गया और उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्मी ने मुंह खोलने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके चलते उसने किसी को कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद बच्ची का रक्तस्राव होने पर परिजनों ने जब पूछताछ की तब जाकर उसने पूरी घटना के बारे में बताया।
बृहस्पतिवार को परिजनों ने महिला थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस उप अधीक्षक केएस ह्यांकी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बच्ची ने आरोपी के हुलिए के बारे में कुछ जानकारियां दी हैं उसी के आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।