मलबा आने से बंद सड़क काे खोलती जेसीबी
- फोटो : amar ujala
इन दिनों बारिश बंद हो चुकी है लेकिन रामनगर-बद्रीनाथ मोटर मार्ग पर बगड़ीगाड़ की पहाड़ी से भू कटान थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को सड़क में मलबा और पेड़ गिरने से चार घंटे यातायात बाधित रहा। बाद में लोक निर्माण विभाग ने जीसीबी लगाकर सड़क खोली।
तहसील मुख्यालय से पांच किमी की दूरी पर बगड़ीगाड़ पर पहाड़ी से हो रहे लगातार कटाव से शुक्रवार तड़के चार बजे भारी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरकर सड़क पर जमा हो गया। जिससे मार्ग बंद हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यातायात बाधित होने से दिल्ली, रामनगर, अल्मोड़ा, चौखुटिया, कर्णप्रयाग,देघाट, भिकियासैंण, भतरौंजखान, रानीखेत आदि स्थानों को जाने वाली बसें कई घंटे फंसी रही। जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर लोनिवि की जेसीबी मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे बाद मार्ग खोला जा सका। बगैर बारिश के भी भूस्खलन होने से यहां पर वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया है।