रानीखेत में चाय पर चर्चा करते लोग।
- फोटो : amar ujala
चाय की दुकानों पर हो रही चुनावी चर्चा ने चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। नगर की चाय की दुकानों पर चुनाव की ही चर्चा है। चाय की चुस्कियों के बीच लोग उम्मीदवारों के जीत हार का गणित बिठाने में लगे हुए हैं, उनका कहना है कि मुद्दे तेजी से गायब हो रहे हैं। राष्ट्रवाद के साथ ही जन समस्याओं पर फोकस किया जाना जरूरी है।
सुभाष चौक स्थित नैनवाल टी स्टाल पर चाय पर हुई चर्चा के दौरान कुछ लोग राष्ट्रवाद के पक्ष में दिखे तो कुछ लोगों ने कहा कि राष्ट्रवाद के साथ साथ जनप्रतिनिधियों को समस्याओं के निराकरण करना चाहिए। छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने कहा कि मुद्दे अब चुनाव प्रचार से तेजी से गायब हो रहे हैं, बेरोजगारी दूर करने के और भी ठोस प्रयास होने जरूरी हैं।
व्यापार संघ के प्रदेश संगठन मंत्री मनोज अग्रवाल ने भी राष्ट्रवाद को जरूरी बताया। व्यवसायी रतन मेहरा ने कहा कि विकास और रोजगार के मुद्दों पर भी बात हो। वलना के युवा प्रताप सिंह रावत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से तेजी से पलायन हो रहा है, युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। गनियाद्योली के मनोज पाल ने युवाओं का भविष्य बनाने के लिए ठोस योजना बनाने पर जोर दिया। पंत कोटली के मनोज पाठक ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेती किसानी को बचाने के लिए भी सरकार से ठोस नीति बनाने को कहा।