चितई गोलू देवता मंदिर में अर्जी लगाते मृतक राकेश के माता पिता।
- फोटो : अमर उजाला
बीते पांच दिसंबर को लमगड़ा ब्लॉक के जीआईसी सत्यौं में दसवीं के छात्र राकेश कनवाल की संदिग्ध हालत में जलकर हुई मौत के मामले का बीते दिनों पुलिस ने खुलासा कर दिया था। पुलिस के मुताबिक राकेश ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्मदाह किया। दूसरी तरफ राकेश के माता-पिता ने मंगलवार को चितई के ग्वल देवता मंदिर में चिट्ठी टांगकर न्याय की गुहार करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कराने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि जिस लड़की के साथ प्रेम प्रसंग की बात कही गई है वह लड़की खुद राकेश को रोज मिस कॉल करके परेशान किया करती थी।
मालूम हो कि लमगड़ा ब्लॉक के अंतर्गत जीआईसी सत्यौं में दसवीं में पढ़ने वाले छात्र राकेश कनवाल (15) पुत्र गोपाल सिंह कनवाल बीते पांच दिसंबर को सुबह प्रार्थना के वक्त कक्षा में संदिग्ध हालत में झुलस गया था। कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के बाद बीते शुक्रवार को एसएसपी पी रेणुकादेवी ने मामले का खुलासा करते हुए कहा था कि एक लड़की से प्रेम प्रसंग के चलते राकेश तनाव में आ गया था और उसने खुद अपने शरीर में मिट्टी तेल डालकर आग लगाई थी।
इधर राकेश के माता-पिता ने मंगलवार को चितई के ग्वलज्यू मंदिर में पहुंचकर न्याय मांगा। राकेश के पिता गोपाल सिंह ने परंपरा के अनुसार न्याय देवता कहे जाने वाले ग्वल देवता के दरबार में प्रार्थनापत्र लिखकर टांगा। उनका कहना है कि पुलिस ने राकेश द्वारा लड़की को बार-बार फोन करने की बात कही गई है लेकिन वह लड़की खुद राकेश को मिस कॉल करके परेशान किया करती थी। उन्होंने पत्र में लिखा है कि राकेश की मां ने छोटी बेटी (राकेश की छोटी बहन) के द्वारा संबंधित लड़की को जवाब भेजकर राकेश को फोन नहीं करने को कहा था। उनका यह भी कहना है कि छह माह पहले उस लड़की ने राकेश को राखी भी बांधी थी।
मृतक राकेश के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राकेश का कुछ समय पहले क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। इनके बारे भी ठीक ढंग से जांच की जानी चाहिए। परिजनों ने पुलिस और विद्यालय प्रबंधन पर सबूत मिटाने के लिए तत्काल कमरे की सफाई कराने और जांच में लीपा-पोती का भी आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में अब ग्वलज्यू से न्याय दिलाने की प्रार्थना की है।