अल्मोड़ा। ईसाई समुदाय क्रिसमस की तैयारियों में जुट गया है। 25 दिसंबर को होने वाले बड़े पर्व के लिए जहां शहर के बीचों बीच स्थित बडन मेमोरियल चर्च को सजाने का काम चल रहा है। ईसाई समुदाय के लोग सगे संबंधियों के घर-घर जाकर सामूहिक गीत के माध्यम से प्रभु यीशु को याद कर रहे हैं और शुभकामनाएं दे रहे हैं। इधर बाजार में भी क्रिसमस से संबंधित सामग्री मिलने लगी है और लोग खरीदारी में जुट गए हैं।
क्रिसमस पर्व के लिए बडन मेमोरियल चर्च को इन दिनों सजाने का काम चल रहा है। बीते रविवार को चर्च में सामूहिक गान का आयोजन किया गया था। उसके बाद सोमवार से ईसाई समुदाय के लोग अपने रिश्तेदारों, मित्रों के घर-घर जाकर ढोल, मजीरे, गिटार साथ लेकर सामुहिक गीत गाते हुए आशीष दे रहे हैं। इस दौरान प्रभु यीशु के जन्मदिन से संबंधित जानकारियां और उनके उपदेशों को भी सुनाया जा रहा है। इधर क्रिसमस त्योहार को देखते हुए बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। दुकानों में क्रिसमस ट्री में सजाने के लिए घंटी, स्टार, रिबन, रंग बिरंगी रोशनी के अलावा सेंटा क्लाज के कपड़े, खिलौने, टोपी आदि की बिक्री शुरू हो गई। साज सिंह, जीवन सिंह और जेम्स पीसी ने बताया कि आने वाले रविवार की दोपहर 3.30 बजे चर्च में पास्टर द्वारा प्रभु यीशु से संबंधित संदेश सुनाए जाएंगे। इसके बाद अगले दिन क्रिसमस पर्व को धूमधाम से मनाया जाएगा।