निर्माणाधीन लोधिया-चौमू सड़क के कार्य में बरती गई अनियमितता की जांच पूरी कर समिति ने आख्या जिलाधिकारी को सौंप दी है। कमेटी को दीवारों, कल्वर्ट आदि कार्यों में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। डीएम ने अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सचिव लोनिवि को पत्र भेजा है।
जिला निर्माण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष भपेंद्र सिंह भोज ‘गुड्डू’ ने लोधिया-चौमू सड़क के निर्माण में अनियमितता को लेकर सात अप्रैल को अल्मोड़ा आए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने के निर्देश डीएम को दिए थे। डीएम ने जांच के लिए एडीएम प्रकाश चंद्र की अध्यक्षता में आरईएस के ईई आशुतोष कौशिक, पीएमजीएसवाई के ईई अरुण कुमार पांडे, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर वैभव गुप्ता की समिति गठित की थी। समिति ने ग्राम लाट के समीप जॉब नंबर 3/32 में निर्मित दीवार को देखा और पाया कि सीमेंट का बिल्कुल प्रयोग नहीं हुआ है। दीवार के पीछे मिट्टी का भरान किया गया है। रिटेनिंग दीवार नहीं बनाए जाने से आवासीय मकान को खतरा है। जॉब संख्या 3/18 में स्कवर की सपोर्टिंग दीवार और लिंटर के बीच आधा फीट का गैप पाया गया। स्कवर ध्वस्त होने की कगार पर है।
जॉब संख्या 1/29 में निर्मित स्कवर की दीवारों के निर्माण में स्थानीय गधेरे के रेत का प्रयोग किया गया है। सड़क के एकमात्र पुल की दीवार निर्माण में मानक के अनुसार पर्याप्त सीमेंट और रेत नहीं लगाया गया था। समिति ने सड़क के निर्माण में कई स्तरों पर गंभीर लापरवाही पाई और डीएम को रिपोर्ट भेजकर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की है। डीएम ने लोनिवि सचिव को पत्र भेजकर निर्माण कार्य के जांच में पाई गई कमियों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने के साथ ही अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की संस्तुति की है।
समिति ने जांच में उठाए यह बिंदु
समिति ने निष्कर्ष निकाला कि सड़क की दीवारों के निर्माण में कई स्थानों पर कच्चा पत्थर लगाया गया है, जबकि मात्र एक किमी दूर अच्छा पत्थर मौजूद था। पर्यवेक्षणीय अधिकारी ने सक्रिय रूप से सड़क निर्माण का निरीक्षण नहीं किया। सड़कों की रिटेनिंग दीवार गुणवत्ताहीन है। दीवारों में सीमेंट मात्र एक रद्दा छोड़कर बिल्कुल नहीं किया गया है। जो कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। रिटेनिंग दीवारों में दरारें पड़ी हैं।.......................................