अल्मोड़ा के स्याल्दे में बिजली फीडर में आई खराबी।
- फोटो : ALMORA
रानीखेत (अल्मोड़ा)। भारी बर्फबारी के बाद रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में बिजली-पानी सप्लाई ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। चिलियानौला नगरपालिका में तीन दिन से बत्ती गुल है, जबकि रानीखेत नगर के कुछ हिस्सों में शनिवार देर शाम सप्लाई बहाल हुई। इधर, विभागीय अधिकारी बिजली सप्लाई बहाल होने बाबत उचित जवाब नहीं दे पा रहे हैं। बिजली नहीं होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है।
बर्फबारी के कारण बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने से नगर और चिलियानौला नगर पालिका सहित आसपास के इलाकों में 72 घंटे से बिजली नहीं है। कड़ाके की ठंड के बीच बिजली नहीं होने से लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रहीं हैं। मोबाइल फोन बंद होने से लोग एक-दूसरे से बात नहीं कर पा रहे हैं। रानीखेत नगर के चौबटिया, चिलियानौला आदि इलाकों में भी बिजली सप्लाई पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है। यूपीसीएल के ताड़ीखेत अवर अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि फॉल्ट ढूंढने के प्रयास चल रहे हैं।
स्याल्दे ब्लॉक के 50 गांवों में 16 घंटे ठप रही बिजली
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। स्याल्दे ब्लॉक के करीब 50 गांवों में 16 घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे विद्युत उप संस्थान स्याल्दे के फीडर में फॉल्ट आ गया। इससे स्याल्दे बाजार, तामाढौन, उदयपुर, वाली, तल्ला भाकुड़ा, मल्ला भाकुड़ा, जसपुर, चंपानगर, पैठाना, खटरगांव समेत करीब 50 से अधिक गांवों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। कड़ाके की ठंड में बिजली नहीं होने से लोग परेशान रहे। शनिवार सुबह करीब दस बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।