रानीखेत (अल्मोड़ा)। मतदान खत्म होने के बाद अब जीत हार को लेकर कांग्रेस तथा भाजपा के लोगों का गणित शुरू हो गया है। कम हार जीत वाली इस सीट पर इस बार दोनों दल एक तरफा जीत का दंभ भर रहे हैं। कोई दल कह रहा है कि आठ से दस हजार तो कोई पांच हजार से अधिक की जीत बता रहा है। हालांकि नुक्कड़ों पर लोग इस बार भी कांटे का मुकाबला मान रहे हैं।
2002 के पहले चुनाव में वर्तमान रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट दो हजार, 2007 में विधायक करन माहरा 259, 2012 में अजय भट्ट 78 मतों से चुनाव जीते। हालांकि 2017 में करन माहरा ने जरूर 49 सौ वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर है। चुनाव खत्म हो गया है। गली, कूचों और नुक्कड़ों पर चुनावी चर्चाएं आम हैं।
किसी दल के कार्यकर्ता आठ से 10 हजार तो किसी दल के पांच हजार से जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। हालांकि यहां से सपा, उक्रांद, आप, बसपा और एक निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। विधानसभा में इस बार कुल 40786 मत पड़े हैं। जबकि 14 सौ मत डाक मत पत्र से हैं। अब ऊंट किस करवट बैठता है 10 मार्च को पता लगेगा।