मौलेखाल(अल्मोड़ा)। मर्चूला-डोटियाल स्टेट हाईवे-52 पर झिमार के नजदीक हॉटमिक्स प्लांट संचालक की कथित मनमानी से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क पर बजरी, रोड़ी और रेत फैलाकर रखी जा रही है, जबकि भारी डंपरों की कतारें हाईवे के दोनों ओर खड़ी रहती हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने इससे हादसों का खतरा बढ़ने की बात कही है। सड़क पर फैली निर्माण सामग्री और बेतरतीब खड़े डंपरों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बजरी और रोड़ी पर फिसलने से कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। आमने-सामने से वाहनों के आने पर निकलने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं बचती।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्लांट से जुड़ी निर्माण सामग्री सड़क पर फैलाई जा रही है और डंपरों को हाईवे के दोनों ओर खड़ा किया जा रहा है। इससे व्यस्त मार्ग पर यातायात बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर बिना अनुमति हटाने और धर्मकांटा स्थापित करने को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि महीनों से बनी इस स्थिति पर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
सड़क पर निर्माण सामग्री फैलाना यातायात नियमों और जनसुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और लोगों को परेशानी होती है। प्लांट संचालक को सड़क पर सामग्री न फैलाने और यातायात बाधित नहीं करने की सख्त हिदायत दी जाएगी।
मोहन चंद पडलिया, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोनिवि रानीखेत