अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा रविवार को हुई। इसमें पंजीकृत कुल 939 अभ्यर्थियों में से 703 ने परीक्षा दी जबकि 236 अनुपस्थित रहे। पीएचडी के लिए अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
अल्मोड़ा परीक्षा केंद्र में कुल 752 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 558 ने परीक्षा दी जबकि 194 अनुपस्थित रहे। वहीं पिथौरागढ़ केंद्र में कुल 187 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 145 उपस्थित रहे और 42 गैरहाजिर रहे। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुशील कुमार जोशी ने बताया कि सभी केंद्रों में पीएचडी प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्वक हुई।
प्रो. जोशी ने बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए जिन अभ्यर्थियों ने 2085 रुपया परीक्षा शुल्क जमा किया है वह 500 रुपया रिफंड के लिए entranceexamssju@gmail. com पर अपना नाम, पिता का नाम, पीएचडी प्रवेश परीक्षा का अनुक्रमांक, बैंक का नाम, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी के साथ शीघ्र भेजें। ताकि उन्हें 500 रुपया लौटाया जा सके।
क्या बोले परीक्षार्थी
रविवार को हुई पीएचडी प्रवेश परीक्षा का पेपर अच्छा गया है। कई सवाल पढ़े हुए आए थे। इससे परिणाम आशानुरूप आने की उम्मीद है। शिक्षा के क्षेत्र में ही कॅरिअर बनाना है।
- नवीन कनवाल, अल्मोड़ा।
रविवार को हुई पीएचडी प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र में कई सवाल सामान्य थे। परिणाम बेहतर रहने की उम्मीद है। पीएचडी के बाद उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य बनाना चाहता हूं।
- विशाल साल, छात्र।
रुद्रपुर से परीक्षा देने अल्मोड़ा आई हूं। प्रवेश परीक्षा में प्रश्न पत्र अच्छा हुआ है। कई सवालों के सटीक जवाब दिए हैं। इससे परिणाम भी सकारात्मक आने की उम्मीद है।
- नाजिया, रुद्रपुर।
पीएचडी करने के बाद उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जाना चाहती हूं। परीक्षा प्रश्नपत्र अच्छा गया है। इससे उम्मीद है कि परीक्षा में सफल हो जाऊंगी। पढ़ाई और मेहनत निरंतर जारी रखी जाएगी।
- सीमा शर्मा, अल्मोड़ा।