रविवार को अल्मोड़ा बाजार में खरीदारी को कम लोग पहुंचे।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। शासन के नए निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने रविवार से जरूरी चीजों की दुकानों के खुलने का समय प्रात: सात बजे से शाम छह बजे कर दिया है लेकिन इसके बावजूद अधिकतर दुकानें दोपहर एक बजे बाद बंद हो गईं।
कई दुकानदारों में दुकान खुलने के समय को लेकर भी असमंजस बना रहा। इधर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने बताया है कि फिलहाल रोज की तरह जरूरी चीजों की दुकानों को ही खुलने की अनुमति दी गई है। हालांकि दुकानों के खुलने का समय अब शाम छह बजे तक बढ़ा दिया गया है।
इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा और बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है। इधर रविवार को लाला बाजार में एक रेडीमेड वस्त्रों की दुकान खुली मिली। ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को दुकान को बंद करा दिया। अन्य दिनों की अपेक्षा बाजार में चहल पहल हल्की रही। । इधर होटल, ढाबों, रेेस्तरां में काम करने वाले कामगार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।