धौलछीना (अल्मोड़ा)। धौलछीना में रविवार दोपहर बकरियां चराने गए 32 वर्षीय युवक की 11 केवी के बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजस्व उपनिरीक्षक और विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरने के बाद युवक का अंतिम संस्कार कर दिया है।
शनिवार शाम क्षेत्र में तेज तूफान आया। तूफान से सायं सात बजे लाइन में खराबी आने के कारण धौलछीना क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। विद्युत विभाग की टीम रविवार सुबह से ही लाइन मरम्मत का कार्य कर रही थी। धौलछीना तक लाइन ठीक हो जाने के बाद आगे सेराघाट की तरफ लाइन ठीक करने का कार्य चल रहा था।
विभाग ने लाइन ठीक कर धौलछीना से आगे की आपूर्ति सुचारू कर दी थी। धौलछीना के कटौचिया गांव निवासी राजू महरा (32) पुत्र हीरा सिंह रविवार को अपने पड़ोसी के साथ धौलछीना से करीब एक किमी दूर बकरियां चराने जंगल गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने चीड़ का एक सूखा पेड़ काट दिया और पेड़ 11 केवी की लाइन में गिरा। जिससे बिजली लाइन का तार टूट गया और राजू महरा करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
युवक के साथ गए पड़ोसी ने घर पर इसकी सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचते राजू की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर राजस्व उपनिरीक्षक राजेश आर्या और विद्युत विभाग के अवर अभियंता ललित मोहन डालाकोटी मौके पर पहुंचे। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। बाद में स्थानीय शमशानघाट में मृतक युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।