अल्मोड़ा। नगर की मुख्य सड़क माल रोड दो लाख रुपये से जल्द गड्ढा मुक्त होगी। सड़क की हालत सुधरने से यात्रियों और पर्यटकों को खतरे के बीच सफर करने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। सड़क पर पैंच भरान की स्वीकृति मिलने से सफर के दौरान हादसों का खतरा भी कम होगा।
माल रोड पर दिन और रात वाहनों का दबाव रहता है। इससे सड़क से हल्द्वानी, दिल्ली सहित अन्य महानगरों से यात्री नगर में प्रवेश करते हैं। काफी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु कसारदेवी, चितई और जागेश्वर धाम पहुंचते हैं। सड़क की बदहाली से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर डामर उखड़ने से बने गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। अब राहत भरी खबर ये है कि जल्द सड़क गड्ढा मुक्त होगी। इससे यात्रियों की यात्रा सुगम होगी। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर डामरीकरण कार्य के लिए दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। विभाग के मुताबिक जल्द सड़क पर पैंच कार्य पूरा कर लिया जाएगा।