सुभाष चौक पर दुकानों के आगे खड़े दुपहिया वाहन, ग्राहक भी नहीं घुस पाते दुकान में। संवाद न्यूज एजे?
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत नगर हर पल लगते जाम से परेशान है। सड़क किनारे खड़े आड़े-तिरछे वाहनों के कारण जाम लग जाता है। रही सही कसर चार पहिया वाहन चालक पूरी कर देते हैं। दुकानों के आगे चार पहिया वाहनों को लॉक कर वाहन स्वामी नदारद हो जाते हैं जिस कारण जाम लग जाता है। नगर में जाम से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने वन वे की व्यवस्था भी की है लेकिन यह नाकाफी साबित हो रही है। कैंट ने कई पार्किंग स्थल भी बनाए हैं लेकिन उनका उपयोग भी दोपहिया वाहन चालक करते नहीं दिखाई देते। जाम के कारण व्यापारी परेशान रहते हैं और राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन से जाम से निपटने के लिए सख्त व्यवस्था बनाने की मांग की है। मुख्य बाजार के अलावा ब्रिटिशकालीन जरूरी बाजार में भी जाम की समस्या रहती है। एक तो सड़क संकरी उस पर दोनों तरफ से दोपहिया और चार पहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। यदि कभी जरूरी बाजार क्षेत्र में आग की घटना घट गई तो वहां से फायर ब्रिगेड का वाहन भी नहीं गुजर सकता। यहां भी विधायक निधि से पार्किंग स्थल बनाया गया है लेकिन वहां कम ही वाहन खड़े किए जाते हैं।
सुभाष चौक पर दोपहिया वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर देते हैं। कई बार चालान हुए लेकिन असर नहीं हो पा रहा है। बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण दुकानों के अंदर ग्राहक भी नहीं आ पा रहे हैं। पुलिस को व्यवस्था बनानी चाहिए।-हरीश हर्बोला व्यापारी सुभाष चौक।
गांधी चौक पर भी दोपहर में कई बार जाम लग जाता है। यहां पुलिस और होमगार्ड के जवान खड़े रहते हैं। यह चौराहा अत्यधिक व्यस्त रहता है। अव्यवस्था पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई अमल में लानी चाहिए।-गिरीश नैनवाल, समाचार पत्र विक्रेता गांधी चौक।
जरूरी बाजार का हाल बुरा है। अंग्रेजों के समय यह रानीखेत की मुख्य बाजार हुआ करती थी। अब सड़क संकरी हो गई है। शाम के वक्त दोनों तरफ बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं जिस कारण अव्यवस्था रहती है। लोगों को पार्किंग में वाहन लगाने चाहिए।-कपिल राजेश्वरी, व्यापारी, जरूरी बाजार रानीखेत।
यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए बाजार में पुलिस की व्यवस्था की गई है। रोडवेज के वाहन भी बाजार से होकर गुजर रहे हैं जिससे दिक्कतें बढ़ रही हैं। रोडवेज की बसों को वन वे से गुजारने के लिए रोडवेज प्रशासन से वार्ता की जाएगी।-राजेश यादव, कोतवाल रानीखेत।
छावनी परिषद के राजस्व अधीक्षक राजेंद्र पंत ने बताया कि छावनी परिषद ने सब्जी मंडी के पीछे, गांधी चौक और सुभाष चौक पर भी दोपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है। यह व्यवस्था निशुल्क की गई है। इसके अलावा पांच से अधिक स्थानों पर चौपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है।
रानीखेत सदर बाजार में लगता जाम। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : RANIKHET