अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम एससी-एसटी श्रमिक संघ की लोअर माल रोड स्थित आईएसबीटी के डिपो कार्यशाला में सोमवार को बैठक हुई। वक्ताओं ने लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर नाराजगी जताई। साथ ही नारेबाजी कर विरोध जताया।
वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। सभी कार्मिकों को माह के प्रथम सप्ताह में वेतन का भुगतान किया जाए। उन्होंने सभी वाहनों को कार्यशाला लोअर माल रोड आईएसबीटी से संचालित करने की मांग की। कहा कि डिपो कार्यशाला में साफ पेयजल की व्यवस्था की जाए ताकि यात्रियों के साथ-साथ डिपो कार्मिकों को पीने का पानी उपलब्ध हो सके। डिपो कार्यशाला में शैडिंग के लिए एक नियमित चालक की व्यवस्था की जाए। डिपो कार्यशाला में लगा कंप्रेशर काफी पुराना है जो कभी भी फट सकता है। इसे दुरुस्त किया जाए। कार्यशाला में बिजली कार्मिक की कमी के कारण वाहनों का कार्य बाधित हो रहा है। बिजली कार्मिक की जल्द नियुक्ति की जाए।
संविदा, विशेष श्रेणी चालक, परिचालक और विशेष श्रेणी तकनीकी कार्मिकों को नियमित किया जाए। अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद और संचालन गणेश सिंह ने किया। वहां गणेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद, दीपक कुमार, नवीन चंद्र, प्रदीप कुमार, नंद किशोर, सुधीर कुमार, सुभाष आर्या, मदन लाल आदि मौजूद रहे। संवाद