मौलेखाल (अल्मोड़ा)। खुमाड़ सल्ट क्षेत्र के सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं उठाते हुए दो टूक चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वे आंदोलन करने या सामूहिक इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने संबंधित ज्ञापन जिला पूर्ति अधिकारी को भेजा है।
ज्ञापन क्षेत्र के खाद्यान्न निरीक्षक को सौंपते हुए बायोमैट्रिक और आनलाइन सिस्टम से राशन वितरण में आड़े आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि इस सिस्टम से ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण संभव नहीं है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी कमजोर होने, बिजली आपूर्ति बाधित रहने, दूर-दूर से बार-बार उपभोक्ताओं को दुकान पर बुलाने में परेशानी होने, दिव्यांग, बीमार और वृद्ध उपभोक्ताओं के दुकान तक नहीं आ पाने की प्रमुख दिक्कतें बताई गई हैं और इस सिस्टम से खाद्यान्न वितरण की बाध्यता खत्म करने की मांग उठाई है।
इसके अलावा डीलरों को खाद्यान्न भंडारण के लिए गोदाम का किराया देने, डीलरों को खाद्यान्न तोल कर देने, लाभांश को बढ़ाकर 450 रुपये करने की मांग शामिल है। ज्ञापन देने वालों में अनीता भट्ट, तुलसी राम, राजेंद्र बिष्ट, चंदन सिंह, जीवन सिंह, दिनेश चंद्र, सुंदर तड़ियाल आदि शामिल रहे।