स्याल्दे की विनोद नदी से घोड़ों में पानी ढोते लोग। संवाद
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। तहसील की सबसे बड़ी ग्रामसभा कैहड़गांव में पेयजल की काफी किल्लत है। करीब 120 परिवारों वाले इस गांव के ग्रामीण अपने खर्चे पर विनोद नदी से घोड़े और खच्चरों से ढोकर पानी का इंतजाम कर रहे हैं। ग्रामीण 150 से 200 रुपये में 80 लीटर पानी खरीदने के लिए मजबूर हैं। पुरानी हो चुकी मासी-मोहणा पंपिंग पेयजल योजना से ग्रामीणों को तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है जो कि अपर्याप्त है।
लगभग 800 की आबादी वाले कैहड़गांव में पेयजल संकट गंभीर समस्या बन चुका है। पेयजल योजना पुरानी हो गई है और विभाग एक दिन छोड़कर सिर्फ एक घंटा पेयजलापूर्ति कर रहा है लेकिन यह जल अपर्याप्त साबित हो रहा है। ऐसे में पानी की जरूरत पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
अब ग्रामीण विनोद नदी से 150 से 200 रुपये की दर से 80 लीटर पानी घोड़े और खच्चरों से मंगाने के लिए मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी के अलावा जाड़ों में भी उन्हें कई बार पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है।
कई बार गुहार लगाने और धरना देने के बाद भी जीर्णशीर्ण पेयजल लाइन और पंप सालों से नहीं बदले गए। लाइन में जगह-जगह पानी लीकेज हो रहा है।