फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: अल्मोड़ा में दो स्टेट हाईवे सहित 19 सड़कों पर आवाजाही ठप

Tue, 09 Jul 2024 12:00 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। जिले में बीते चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पटरी से उतर गया है। बंद सड़कें सबसे अधिक दिक्कत बढ़ा रही हैं। जिले में बारिश के बाद मलबा और बोल्डर गिरने से दो स्टेट हाइवे सहित 19 सड़कें बंद हैं, इससे 220 से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही थमने से गांवों में दैनिक जरूरत के सामान की आपूर्ति लड़खड़ा गई है। इससे 80 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित है।
विज्ञापन


सोमवार को जिले भर में भारी बारिश हुई। जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिरने से दो स्टेट हाइवे और 17 ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप है, इससे लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। 220 से अधिक गांवों के ग्रामीणों का गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इन गांवों में संचालित दुकानों में राशन, सब्जी सहित अन्य दैनिक जरूरत का सामान न पहुंचने से लोग खासे परेशान हैं। बीमारों और गर्भवतियों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो रहा है। पैदल आवाजाही कर बीमार अस्पताल पहुंचने के लिए मजबूर हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग अधिकारी विनीत पाल ने कहा कि सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। जल्द सभी सड़कों पर आवाजाही शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद

लक्ष्मेश्वर के पास खिसकी पहाड़ी, मार्ग रहा बाधित

अल्मोड़ा। लक्ष्मेश्वर के पास पहाड़ी खिसकने से अल्मोड़ा-ताकुला सड़क बंद हो गई और यहां सैकड़ों वाहन और यात्री फंसे रहे। सूचना के बाद प्रशासन ने मौके पर जेसीबी भेजकर मलबा और बोल्डर हटाते हुए आवाजाही शुरू कराई। स्थानीय निवासी त्रिलोचन जोशी ने बताया कि संयोग से भूस्खलन के समय कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
विज्ञापन

भूस्खलन से खतरे की जद में आया जैंती का गैस ऑफिस

अल्मोड़ा। जैंती तहसील के अंतर्गत बांजधार मोटर मार्ग पर हुए भूस्खलन से गैस ऑफिस खतरे की जद में आ गया है। गैस गोदाम के प्रबंधक प्रकाश चंद्र ने बताया कि रविवार की रात हुए भूस्खलन से गैस ऑफिस को खतरा पैदा हो गया है, इससे यहां तैनात कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। कहा घटना की सूचना निगम और लोनिवि को दी गई है। वहीं, मलबा मुख्य मार्ग पर एकत्र होने से आवाजाही भी प्रभावित रही। संवाद
ये सड़कें हैं बंद

खैरना-रानीखेत-रामनगर, काफलीखान-सिमलखेत, खूंट-बसर, तलैट बैंड-भैंसोड़ी मल्ली, जैंती-नया संग्रोली, जैंती-सेल्टा चापड़, ज्वारनैड़ी-बक्सवाड़, ध्याड़ी-मिरगांव, दन्यौली-चौकुना, बसौली-पोखरी, द्वाराहाट-भगतोला, बसौलीखान-मांडू, पोखरी-बैंगनिया, मकड़ाऊ-दशौला, चल्मोड़ी-कलौटा, थुवासिमल-बिमौला, भुजान-पोखरी, बसौलीखान-चिंतोला और चौंसाला-चिल सड़क बंद हैं।
विज्ञापन


जिले में बारिश का आंकड़ा(मिमी में)
जैंती 122. 0
भैंसियाछाना 72.5
अल्मोड़ा 67.0
द्वाराहाट 61.0
ताकुला 59.0
शीतलाखेत 49.0
सोमेश्वर 28.0

रानीखेत 14.2

चौखुटिया 3.0

भिकियासैंण 6.0

सल्ट 0.5

जल स्तर

कोसी 1126.96 मीटर

रामगंगा 921.925 मीटर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें