अल्मोड़ा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। नलों में पानी की बूंद नहीं टपक रही और टैंकरों से लोगों की प्यास बुझानी पड़ रही है। जिले के कई हिस्सों में जल संस्थान ने टैंकर, डंपरों से एक लाख लीटर पानी बांटकर लोगों को राहत पहुंचाई।
शनिवार को जिले के जैंती, नाकोट, मेलकंडे, लोधिया, शीतलाखेत, नाटाडोल, पनुवानौला, चामी, सुरखाल, बसौली, चितई पंत, लमगड़ा आदि क्षेत्रों में आपूर्ति ठप रही। इससे 18 हजार से अधिक लोग परेशान रहे। पेयजल योजनाओं से जलापूर्ति नहीं होने पर लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ी। सूचना के बाद जल संस्थान ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर और डंपरों से पानी बांटा। टैंकर देखते ही लोग खाली बर्तनों के साथ दौड़ पड़े और भीड़ अधिक होने से उन्हें लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
जल संस्थान के जेई वीएस मेहता ने कहा कि स्रोतों का जलस्तर घटने से योजनाओं से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है। उम्मीद है बारिश के बाद हालात सामान्य होंगे। लोगों को टैंकर से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। संवाद