अल्मोड़ा। बारिश के बाद भी नगर क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। हीराडुंगरी पेयजल टैंक से जुड़े एनटीडी क्षेत्र और एनटीडी चौराहे से लगे खान मोहल्ला में बिना मोटर के नलों में पानी नहीं आ रहा है।
नगर के हीराडुंगरी स्थित पेयजल टैंक से नगर के एनटीडी क्षेत्र, खान मोहल्ला, चीनाखान, शैल, रानीधारा, पूर्वी और पश्चिमी पोखरखाली, फलसीमा, सिराड आदि मोहल्लों में जलापूर्ति होती है। खान मोहल्ले के लोगों ने बताया कि नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। पानी का प्रेशर स्लो होने से कारण जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल रहा है। इस कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नरेश कुमार ने बताया कि कई दिन पानी निर्धारित समय पर नहीं आता हैै। इस कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इससे दिक्कतें होती हैं। इधर, बिजली कटौती से भी पंपिंग योजना पर असर पड़ रहा है। पंप नहीं चलने पर जलाशयों को पानी नहीं मिल पाता है और इससे सीधे तौर पर उपभोक्ता परेशान होते हैं। इधर, जल संस्थान के जेई अर्जुन नेगी ने बताया कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
रामगंगा पंपिंग पेयजल योजना में पांच दिनों से जलापूर्ति ठप
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। रामगंगा पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में पांच दिनों से जलापूर्ति ठप होने से लोग परेशान हैं। पानी नहीं आने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामगंगा के पास पंपिंग हाउस में लगी मशीनों में तकनीकी खराबी आ गई है। इस कारण पंप नहीं चल पाए। इस कारण रामगंगा पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े द्वाराहाट नगर पंचायत क्षेत्र सहित ग्राम पंचायत गवांड़, कोटीला, ध्याड़ी, बमनपुरी, सलालखोला, भुमकिया, जामड़, कौंला, पूजाखेत, उटौड़ आदि गांवों में पानी आपूर्ति ठप रही। ठंड में पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। गौरतलब है कि इस पंपिंग योजना से जुड़े क्षेत्रों में जल संस्थान प्रत्येक क्षेत्र में तीसरे दिन पानी की सप्लाई करता है लेकिन विगत तीन चार दिनों से किसी भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नहीं हुई है। जल संस्थान ने प्रभावित इलाकों में पेयजल टैंकर से पानी वितरित किया। पेयजल टैंकर पहुंचते ही लोग खाली बर्तनों के साथ पानी लेने टूट पड़े।
केस नंबर-01
शीतला पुष्कर वार्ड निवासी अनिल चौधरी ''''काकू'''' ने बताया कि हर तीसरे दिन आने वाला पानी एक सप्ताह से नहीं आया है। ठंड के दिनों में पानी नहीं आने के कारण काफी दिक्कत हो रही है। पानी की आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए।
-
केस नंबर 02
द्वाराहाट निवासी चेतन साह ने बताया कि पांच-छह दिनों से पानी नहीं आया है। इस कारण काफी परेशानी हो रही है। पानी का नियमित बिल देने के बाद भी विभाग नियमित पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है जो गंभीर लापरवाही है।
-
पंप हाउस में मशीनों की खराबी के चलते पेयजल आपूर्ति बाधित है। मैकेनिक आ गए हैं। मशीन की खराबी ठीक करने में लगे हैं। -सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान, द्वाराहाट