अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया में पहाड़ में स्वास्थ्य सेवाओं की दशा क्या है। इसके लिए मंगलवार की यह घटना केवल एक उदाहरण ही है। चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगा ऑक्सीजन प्लांट वक्त पर काम नहीं आया और रोगी को ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। मरीज को यहां से रेफर किया तो तीमारदारों को 108 एंबुलेंस की सेवा भी नहीं मिल पाई। मजबूरी में निजी वाहन से रोगी को लेकर तीमारदार रानीखेत के लिए रवाना हुए। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
चौखुटिया विकासखंड के फुलई दौलड़ी निवासी पूर्व प्रवक्ता पूरन चंद्र पांडे कुछ दिनों से बीमार चल थे। मंगलवार को अचानक उनका स्वास्थ्य अधिक खराब हो गया और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। आननफानन परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी चौखुटिया लेकर गए। यहां ऑक्सीजन प्लांट के खराब होने के कारण रोगी को ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। चिकित्सकों ने रोगी को रानीखेत रेफर कर दिया। परिजन जब उन्हें रानीखेत ले जाने लगे तो मौके पर 108 एंबुलेंस भी मौजूद नहीं थी। मजबूरी में रोगी के तीमारदार उन्हें निजी वाहन से रानीखेत ले जाने लगे लेकिन सीएचसी चौखुटिया से कुछ दूर जाकर रोगी ने दम तोड़ दिया।
बोले लोग-
ऑक्सीजन प्लांट के खराब होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। पत्राचार जारी है। शीघ्र ही प्लांट को दुरुस्त करा लिया जाएगा।
अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलिंडर भी मौजूद रहते हैं। रेफर करने का कोई और कारण रहा होगा। फिलहाल मेरे संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। अगर कोई शिकायत मिलेगी तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा