क्वारब में दिनभर गिरते मलबे ने रोकी हाईवे पर रफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को भी दिन भर मलबा और बोल्डर मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा। यहां कई बार जाम की स्थिति पैदा हो गई और यात्रियों और वाहन संचालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिन भर हाईवे पर मलबे ने वाहनों की रफ्तार रोकी।
पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद क्वारब की पहाड़ी काफी कमजोर हो गई है। रविवार को यह मार्ग करीब सात घंटे बंद रहा। डेंजर जोन से रविवार की देर शाम मलबा तो हटा दिया गया था लेकिन वहां खतरा बना हुआ था। विवार की रात इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी। सोमवार की सुबह जब यहां से वाहनों का गुजरना शुरु तो हुआ लेकिन यहां फिर से मलबा और बोल्डर गिरने शुरु हो गए। जिस कारण यहां पल पल जाम लगता रहा। वाहनों को दो-दो घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। यात्री वाहनों में बैठे- बैठे काफी परेशान रहे। जैसे तैसे पुलिस के जवान वाहनों को एक एक यहां से निकालते रहे। देर शाम तक यहां मलबा हटाने का काम चलता रहा।
खतरे का सबब बन गई है दरक रही पहाड़ी
बारिश के कारण कमजोर हो चुके क्वारब की पहाड़ी अब खतरे का सबब बन गई है। सोमवार को जब यहां से वाहनों को निकाला जा रहा था तो गिरते मलबे और बोल्डरों को देख यात्रियों की नहीं बल्कि चालकों की सांसें भी रुक रही थीं। हल्द्वानी से आठ सवारी लेकर बेड़ीनाग की ओर जा रहे चालक कमल कुमार ने बताया कि मलबे की बीच वाहन निकालते समय बोल्डर गिरने का डर बना हुआ है। जैसे तैसे चालक वाहन यहां से निकलकर गंतव्य तक पहुंच रहे हैं।
पुलिस के जवान व लोनिवि के अधिकारी रहे मुस्तैद
क्वारब के दो दिनों से गिर रहे मलबे और बोल्डरों के कारण यहां खतरा पैदा हो गया है। इसलिए रविवार से ही यहां पुलिस बल तैनात कर दिया है। ताकि यहां किसी प्रकार की अव्यवस्था पैदा ना हो। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मलबा हटाने के दौरान जहां जमे रहे और कर्मचारियों को निर्देश देते रहे।
मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित होता रहा। कोशिश की जा रही है कि वाहनों को यहां से सुरक्षित गंतव्य की ओर रवाना किया जा सके। मलबा हटाने का काम जल्द पूरा करा लिया जाएगा।
-महेंद्र कुमार, एई, एनएच रानीखेत