एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन जिला शाखा अल्मोड़ा के चुनाव
अल्मोड़ा। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन जिला शाखा अल्मोड़ा के सीईओ कार्यालय परिसर में आयोजित नवम द्विवार्षिक अधिवेशन के दौरान जिला कार्यकारिणी के चुनाव हुए। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में पान सिंह मेर अध्यक्ष चुने गए। आमनेसामने की टक्कर में दुर्गा सिंह नेगी सचिव निर्वाचित हुए।
जिलाध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। पान सिंह मेर ने निकटतम प्रतिद्वंदी देवेंद्र सिंह रजवार को 12 मतों से पराजित किया। पान सिंह मेर को 121 और देवेंद्र सिंह रजवार को 109 मत मिले। गिरधर सिंह धानक को 10 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। पान सिंह मेर अध्यक्ष पद पर विजयी रहे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जय प्रकाश ने हेमंत कुमार को 32 मतो से पराजित किया। जय प्रकाश को 131 मत और हेमंत कुमार को 99 मत मिले। जय प्रकाश विजयी रहे।
सचिव पद पर दुर्गा सिंह नेगी ने मुकेश जोशी को 11 मतों से पराजित किया। दुर्गा सिंह नेगी को 121 मत और मुकेश जोशी को 110 मत मिले। दुर्गा सिंह नेगी विजयी रहे। उपाध्यक्ष पद पर विशाल सिंह बोरा, संयुक्त मंत्री पद पर गोपाल सिंह कफलिया, संगठन मंत्री पद पर भगवत सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर गोविंद सिंह मेहता, सांस्कृतिक मंत्री पद पर मनोज बिष्ट, प्रचार मंत्री पद पर सोहन कुमार, आडिटर पद पर विनोद सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए। कुमाऊं मंडलीय अध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने बताया कि कुल तीन पदों पर निर्वाचन और सात पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। चुनाव अधिकारी मनोज कुमार जोशी, सहायक चुनाव अधिकारी निर्मल सिंह थे।
सभी को साथ लेकर काम करने का लिया संकल्प
अल्मोड़ा। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन कुमाऊं मंडल नैनीताल के पूर्व सचिव और अधिवेशन के संयोजक धीरेंद्र कुमार पाठक ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कर्मचारियों ने सभी को साथ लेकर काम करने का संकल्प लिया। सह संयोजक जेडी उपाध्याय, सचिव हरजीत, उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष डाॅ. मनोज कुमार जोशी ने निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी। संवाद