एसएसपी पी रेणुका देवी ने लोगों से पुलिस सिटिजन पोर्टल और उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप का अधिक से अधिक उपयोग कर लाभ उठाने का आह्वान किया है। यह मोबाइल एप 2016 से जिले के सभी थानों में कार्य कर रहा है। कोई भी व्यक्ति पुलिस थाने से संबंधित अपनी शिकायतों को वेबसाइट में अपनी आईडी बनाकर दर्ज कर सकता है। इस एप और पोर्टल से पुलिस हेल्प लाइन, अग्निशमन, महिला हेल्प लाइन, चिकित्सा वाहन और विजिलेंस विभाग को भी लिंक किया गया है।
शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए सिटिजन पोर्टल व उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप की सहायता ली जा सकती है। इसके लिए मोबाइल के प्ले स्टोर से उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप को डाउनलोड करना होगा। इस के जरिए किराएदारों, घरेलू नौकर, कर्मचारी का सत्यापन, शिकायतकर्ता के साथ घटित घटना, खोया-पाया, भ्रष्टाचार की शिकायत और वांछित अपराधियों की सूचना ऑनलाइन दी जा सकती है।
शिकायत करने के बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर शिकायत से संबंधित कोड नंबर मिलेगा, जिसमें शिकायतकर्ता शिकायत के संबंध में की गई कार्रवाई भी जान सकेगा। भ्रामक और असत्य सूचना देने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का भी प्रावधान है।