अल्मोड़ा। नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार हुआ है। नाबालिग भी आरोपी के साथ मिली, इसे पुलिस टीम ने छुड़ाया। पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी को जेल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक 18 जून को एक महिला ने तहरीर दी। इसमें बताया कि उसकी नाबालिग बेटी बगैर बताए घर से चली गई जो वापस नहीं लौटी। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू की। बुधवार को नाबालिग आरोपी युवक हिमांशु आर्या (19) निवासी पोखराड़, तहसील धारी, नैनीताल के साथ सोनीपत, हरियाणा में मिली। नाबालिग को आरोपी के कब्जे से छुड़ाया गया। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि आरोपी नाबालिग का अपहरण कर अपने साथ ले गया। हरियाणा ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। कहा कि आरोपी के खिलाफ 365, 363, 366, 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है। किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा।