बागेश्वर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का उद्घाटन करते जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी।
- फोटो : अमर उजाला
खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के पहले दिन बागेश्वर के खिलाड़ी छाए रहे। विभिन्न भार वर्गों में जिले के सर्वाधिक खिलाड़ियों ने फाइनल में स्थान पक्का किया। शाम पांच बजे तक बालक जबकि देर शाम तक बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। मंगलवार दोपहर तक विभिन्न भार वर्गों में खिताबी मुकाबलों के लिए भिड़ंत जारी रहेगी। एकल प्रतियोगिता का प्रदर्शन ही प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ टीम के चयन का आधार होगा।
सोमवार को पिंडारी रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में राज्य प्रतियोगिता के तहत नौ जिलों की टीमों के बीच विभिन्न भार वर्गों में एकल मुकाबले खेले गए। पहले चरण में बालक वर्ग के मुकाबले हुए। इसके बाद बालिका वर्ग के मुकाबलों का आयोजन किया गया। देर शाम तक प्रतिभागियों के बीच फाइनल में स्थान पक्का करने की जोर आजमाइश चलती रही। निर्णायक मंडल ने बताया कि अंडर 78 किलो भार वर्ग में बागेश्वर के गोकुल खेतवाल ने फाइनल में प्रवेश किया। इसी तरह अंडर 48 भार वर्ग से बागेश्वर के अनिल देव और 59 भार वर्ग से बागेश्वर के ही साहिल मिश्रा ने फाइनल में स्थान पक्का किया।
अंडर 59 भार वर्ग में चंपावत के मोहित चंद्र फाइनल में पहुंचे। जबकि अंडर 78 भार वर्ग में पिथौरागढ़ के विनय कुमार आर्या ने फाइनल में बागेश्वर के आयुष टम्टा को हराया।
इससे पहले पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए खेल विकास और कौशल पर जोर दिया। साथ ही अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन की अपील की। जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद वल्दिया ने प्रतिभागियों से पूर्ण मनोयोग से भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन की अपील की। इस दौरान उप क्रीड़ा अधिकारी जुबैद अहमद, जिला प्रशिक्षक कमलेश तिवारी, किरन नेगी, अनीता पांडे, ललित नेगी, नीरज पांडे, हरीश सोनी, अनिल कार्की आदि थे।
अच्छा प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का होगा सम्मान
बागेश्वर। राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का अमर उजाला अपराजिता अभियान की ओर से सम्मान किया जाएगा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को निर्णायक मुकाबलों के बाद सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथिगण बालिकाओं को सम्मानित करेंगे। ब्यूरो