अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में अभी ऑफलाइन कक्षाएं संचालित नहीं हो पाई है। परिसर में अब सोमवार से ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होने की उम्मीद है। कक्षाओं के संचालन की तैयारियां की जा रही हैं।
विभागाध्यक्षों की ओर से कक्षाओं के संचालन का रोस्टर बनाया जा रहा है। प्रदेश में 15 दिसंबर से विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन को लेकर एसओपी जारी हुई थी। लेकिन तीन दिन बाद भी बृहस्पतिवार को एसएसजे परिसर में कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो पाया। 15 दिसंबर से ही कक्षाओं के संचालन के लिए कोरोना से सुरक्षा को लेकर कार्य शुरू हुए। परिसर में चारों तरफ से बैरिकेडिंग कर दी गई। सैनिटाइजेशन मशीन लगा दी गई। प्रभारी निदेेशक प्रो. वीडीएस नेगी ने बताया कि बृहस्पतिवार को विभागाध्यक्षों की ओर से रोस्टर बनाए जा रहे हैं। एक पाली में 20 से 30 छात्रों को ही ऑफलाइन कक्षाओं में बुलवाया जाएगा। बगैर कोविड टेस्ट और अभिभावकों के सहमति पत्र के बिना छात्रों को कक्षाओं में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एकमात्र मुख्य द्वार से प्रवेश होगा। उसमें सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक प्राध्यापक के संक्रमित मिलने से फिलहाल तीन दिनों के लिए परिसर को बंद रखा गया है। अब सोमवार से ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी।