नौघर में संयुक्त मजिस्ट्रेट और प्रमुख को समस्याएं बताते ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने शनिवार को राजकीय एलोपैथिक अस्पताल नौघर में शिविर लगाया। इसमें धूराफाट क्षेत्र की पेयजल समस्या छाई रहीं। ग्रामीणों ने कहा कि सर्दियों के मौसम में भी उन्हें पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य की समस्या और जंगली जानवरों के आतंक का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा ने ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत के साथ चिकित्सालय समेत धूराफाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया था। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रांगण में वह ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुई। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य के मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया। कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से खेती चौपट हो रही है। मंडलकोट, चापड़, बिल्लेख, हिड़ाम, बयेड़ी आदि गांवों के लोगों ने पेयजल समस्या के निराकरण की मांग की। इस दौरान बीडीओ केएस बोरा, जल संस्थान के जेई मनोज पांडे, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. सिमरनजीत, पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख प्रेम अधिकारी, गौरी दत्त उप्रेती, दुग्ध संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष जय बल्लभ उप्रेती, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जीवन बुधानी, ललित सिंह, प्रधान पुष्कर राम, हिड़ाम के लाछी राम, पूर्व प्रधान पूरन चंद्र पांडेय, राम सिंह, स्यों के प्रधान प्रतिनिधि बलवंत सिंह आदि रहे।