क्षेत्र में चल रहे ऑपरेशन स्वास्थ्य आंदोलन के दौरान को सोमवार से लापता मुख्य अनशनकारी भुवन सिंह कठायत का मंगलवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका। उनके पिता ने चौखुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आंदोलनकारियों के तेवर देख हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आंदोलन स्थल रामगंगा आरती घाट पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांग के लिए रामगंगा आरती घाट पर आमरण अनशन 55वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। सुंदर सिंह नेगी, बचे सिंह कठायत आमरण अनशन डटे रहे। धरनास्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुख्य अनशनकारी भुवन सिंह कठायत के दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिलना चिंताजनक है। उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने भुवन सिंह का शीघ्र पता लगाने की मांग की। कहा कि यदि भुवन का जल्द पता नहीं लगाया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
मंगलवार को भुवन के पिता भोपाल सिंह कठायत ने चौखुटिया कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने एक विशेष खोज टीम गठित की है जो लगातार अलग-अलग दिशाओं में तलाश कर रही है। भुवन के मोबाइल की अंतिम लोकेशन ट्रैस की गई और गांवों में पूछताछ की जा रही है। इस दौरान अशोक कुमार, भगवत सिंह, जीवन सिंह नेगी, विपिन शर्मा, ललिता देवी, पूर्व ब्लाक प्रमुख मीना कांडपाल, खष्टी अधिकारी ने आंदोलन को समर्थन दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल अनर्गल पोस्ट से गुस्सा
सोमवार रात्रि से सोशल मीडिया में एक अनर्गल पोस्ट वायरल हो रही है। इससे अनशनकारियों में आक्रोश है। लोगों ने वायरल हो रहे पोस्ट से संबंधित व्यक्ति को पकड़ने की मांग की है।