अल्मोड़ा। चालकों की कमी के कारण रोडवेज डिपो अल्मोड़ा की पांच सेवाओं का संचालन लगातार दूसरे दिन भी ठप रहा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन बसें न चलने से यात्रियों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। यात्री टैक्सी और जीपों में महंगा किराया चुकाकर गंतव्य को रवाना हुए। सहालग सीजन में आए दिन सेवाएं स्थगित होने से रोडवेज को भी आर्थिक चपत लग रही है।
जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज डिपो में चालकों की भारी कमी है। चालक न मिलने से रोडवेज की सुबह सात बजे की अल्मोड़ा दिल्ली, समेत टनकपुर, मासी, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-धरमघर सेवाओं का संचालन लगातार दूसरे दिन भी ठप रहा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन लोगों की आवाजाही काफी रही लेकिन रोडवेज की बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ा। बसें न चलने से दिल्ली, मासी, टनकपुर, धरमघर आदि स्थानों को जाने वाले यात्री काफी परेशान रहे। कई यात्री टैक्सी और जीपों में महंगा किराया देकर गंतव्य को रवाना हुए। इससे उनकी जेब ढीली हुई। सहालग सीजन में रोडवेज की सेवाओं के आए दिन स्थगित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर पांच बसों का संचालन न होने से रोडवेज डिपो को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। सहालग सीजन में रोडवेज अच्छी कमाई करता है लेकिन इन दिनों चालकों की भारी कमी से रोडवेज को राजस्व का नुकसान झेलना पड़ रहा है।