अल्मोड़ा। विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन अल्मोड़ा ने मोर्चा खोल दिया है। लगातार बांह पर काली पट्टी बांध सांकेतिक प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों ने बृहस्पतिवार से कार्य बहिष्कार कर होम आइसोलेशन में जाने का ऐलान किया है। बुधवार को कार्मिकों ने उच्च स्तरीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंप मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की हुंकार भरी है।
गोल्डन कार्ड का लाभ मिलने, सामूहिक स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर परिवार को उचित आर्थिक सहायता और एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने, वेतन विसंगति दूर करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर एनएचएम कार्मिकों में भारी रोष है। बीते 28 मई से कार्मिक बांह में काली पट्टी बांध सांकेतिक विरोध के साथ कार्य कर रहे हैं। इधर अब भी मांग पूरी नहीं होने पर कार्मिकों ने अब बृहस्पतिवार से चार दिनों के होम आइसोलेशन में जाने का निर्णय लिया है। विरोध करने वालों में दीपिका जोशी, नेहा भट्ट, दीपा मावड़ी, भावना पपने, नवल किशोर जोशी, दीपा दोसाद, कविता थापा, ममता थापा, मंजू खाती आदि रहे।
सीएचसी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राज्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आह्वान पर ब्लाक के एनआरएचएम के संविदा डाक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ तपन शर्मा को नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए तीन जून से होम आइसोलेशन पर जाने की चेतावनी दी। वहां ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. सीएस भट्ट, गजेंद्र सिंह बिष्ट, चंदन नेगी, जगदीश गिरी, अजय तिवारी, डॉ.कल्पना जोशी, मीनाक्षी भट्ट आदि थे।
पूर्व विधायक ने दिया आश्वासन
अल्मोड़ा। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने भी एनएचएम कार्मिकों की मांगों का समर्थन किया है। बीते दिनों कार्मिकों ने पूर्व विधायक को ज्ञापन सौंप विभिन्न समस्याएं उठाई थीं। इसके बाद पूर्व विधायक ने अपनी ओर से मांगों पर कार्रवाई के लिए हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया। वहीं कार्मिकों के साथ खड़े रहने की भी बात कही।
बागेश्वर में कार्य बहिष्कार जारी
बागेश्वर। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाओं में असर पड़ा है। वहीं कर्मचारियों ने सभी मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने और छह जून तक कार्य बहिष्कार जारी रख होम आइसोलेशन में रहने की चेतावनी दी है।
बुधवार को कर्मचारियों ने जिला अस्पताल में एकत्र होकर आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष भुवन जोशी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है, जिसे किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा। जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर अनूप कांडपाल, नवीन साही, सुरेश कुकरेती, मनोज पुरोहित, नीरज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।