अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने वर्चुअल बैठक लेकर कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम और वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की। डीएम ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का वैक्सीनेशन अभियान वर्तमान में अच्छा चल रहा है जो कि अब तक 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि छूटे हुए लोगों का वैक्सीनेशन जल्द से जल्द पूरा कर लें। अगले 10 दिनों में शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उ
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में पॉजिटिविटी रेट को कम करने के लिए अधिक टेस्टिंग करनी होगी। उन्होंने ग्राम स्तर तक जाकर टेस्टिंग करने, आइवरमेक्टिन दवा वितरण में तेजी लाने, होम आइसोलेट संक्रमितों को किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सल्ट और भैसियाछाना ब्लाक में विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
डीएम ने कोरोना के कारण अनाथ हुए बच्चों की सूची उपजिलाधिकारी और प्रभारी चिकित्साधिकारी के माध्यम से तत्काल प्रोबेशन अधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों की टीकाकरण अभियान कार्यक्रम को लेकर सराहना की। बैठक में सीडीओ नवनीत पांडे, सीएमओ डॉ. सविता हयांकी, डिप्टी कलेक्ट्रर गौरव पांडे, एसीएमओ डॉ. अनिल ढींगरा, डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. दीपांकर डेनियल, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि थे।