उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
- फोटो : अमर उजाला
जागेश्वर में पहुंचे आठ हजार से अधिक श्रद्धालु
विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में साल के पहले दिन भक्तों की खासी भीड़ उमड़ी रही। माइनस पांच डिग्री के बीच सुबह से ही बाबा जागनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। भीड़ अधिक होने से भक्तों को दर्शन के लिए कड़ाके की ठंड के बीच घंटों लाइन में लगे रहना पड़ा। मंदिर के पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट ने बताया कि नए साल के पहले दिन आठ हजार से अधिक भक्ता यहां पहुंचे।
नए साल का मनाया जश्न, डीजे की धुन पर थिरके
2024 का स्वागत नगर के लोगों ने जोरदार तरीके से किया। नगर के होटलों, रेस्टोरेंट और क्लब में शाम से ही नृत्य-संगीत का दौर शुरू हो गया था। इस दौरान लोगों ने जमकर मस्ती की और नए साल का स्वागत किया। एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं दी। युवाओं ने सामूहिक पार्टी का आयोजन कर नए साल का जश्न मनाया। लोगों ने घरों में व्यंजन बनाए। साल के पहले दिन मिठाई की दुकानों में भी भीड़ रही।
रानीखेत, द्वाराहाट के मंदिर भी रहे गुलजार
नए साल पर रानीखेत, द्वाराहाट के मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ लगी रही। रानीखेत के पंचेश्वर, झूला देवी मंदिर, राम मंदिर, कालिका मंदिर, बिंसर महादेव आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर नए साल पर क्षेत्र, देश, प्रदेश की खुशहाली की कामना की। द्वाराहाट के दूनागिरी मंदिर में सुबह कपाट खुलने से पहले ही श्रद्धालु पहुंच गए। नैथना देवी, मानिला देवी मंदिरों, पांडवखोली में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इधर बालेश्वर मंदिर समिति की ओर मंदिर में आयोजित अखंड रामायण का पाठ का पारायण किया गया। इस मौके पर भंडारे में कई लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।