जल्द उतारा जाएगा आठ पेयजल योजनाओं को धरातल पर
अल्मोड़ा। जिले की बड़ी आबादी को जल संकट से जल्द मुक्ति मिलेगी। 50 हजार से अधिक की आबादी की प्यास बुझाने के लिए आठ बड़ी पेयजल योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। प्रशासन का दावा है कि जल्द इन योजनाओं का निर्माण शुरू होगा और इन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।
नगर सहित जिले के अधिकतर हिस्सों में लोग सालों से जल संकट का सामना कर रहे हैं। नगर के लोगों की प्यास बुझाने के लिए हर रोज 16 एमएलडी पानी की जरूरत है लेकिन अब तक बनी पेयजल योजनाओं से सिर्फ 12 एमएलडी पानी पहुंच रहा है। यही हाल जिले के अन्य हिस्सों का है। गर्मियों में जल स्रोतों का जलस्तर घटने से यह संकट और भी बढ़ जाता है। ऐसे में जिले के लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए आठ बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। 26 करोड़ की आठ पेयजल योजनाएं भिकियासैंण, अल्मोड़ा और सल्ट की 50 हजार से अधिक की आबादी की प्यास बुझाएंगी, इनका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। संवाद
-
इस गर्मी नहीं मिलेगी राहत
अल्मोड़ा। आठ पेयजल योजनाओं को स्वीकृति मिली है और प्रशासन का इन्हें जल्द धरातल पर उतारने का दावा है। इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अगले छह माह का समय तय है। फरवरी के बाद मार्च से गर्मी का मौसम शुरू हो जाएगा। ऐसे में इस गर्मी भी लोगों को इन योजनाओं के धरातल पर उतरने का इंतजार करते हुए जल संकट का सामना करना होगा।
-
इन योजनाओं का होगा निर्माण
योजना का नाम लागत(लाख में)
डुंगरी लिफ्ट योजना 238.56
नौगांव 52.35
खाल्यू-बूंगीधार 499.10
शक्तिपीठ-रतखाल 498.99
चमोड़ी-स्याही 499.97
महरखेत-मौलेखाल 499.07
सुनाड़ी 134.08
मटेना 169.83
-
कोट-
जिले के लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए कई पेयजल योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इन योजनाओं का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। निश्चित तौर पर इन योजनाओं से लोगों की पेयजल समस्या का काफी हद तक समाधान होगा।-विनीत तोमर, डीएम, अल्मोड़ा।