राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रात: नंदादेवी मंदिर प्रांगण से मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूलों के छात्र-छात्राएं आपका वोट है आपकी ताकत, लोकतंत्र में भी है ये लागत, मजबूत लोकतंत्र सबकी भागीदारी नारे लगाते हुए चल रहे थे।
रैली में डायट प्रशिक्षु, जीआईसी, जीजीआईसी, जीआईसी स्यालीधार, कूर्मांचल एकेडमी, विवेकानद इंटर कालेज, जीआईसी लोधिया, इंटर कालेज गोविंदपुर, महिला पालीटेक्निक के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। जीआईसी के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक भी पेश किया। इस मौके पर पांच नए मतदाताओं को वोटर कार्ड देकर एसडीएम विवेक राय ने सम्मानित किया। लोगों को मतदान के लिए शपथ दिलाई गई। इस मौके पर एडीएम केएस टोलिया, डीडीओ मो. असलम, आपदा प्रबंदन अधिकारी राकेश जोशी, एडीएम अवधेश कुमार सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी आर्य आदि उपस्थित थे।
रैमजे इंटर कालेज प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में सीईओ एके सिंह, डीईओ हर्ष बहादुर चंद, आरएस यादव, खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र जंगपांगी, पालिटेक्निक के प्रधानाचार्य एए हाशमी, डीएचओ भावना जोशई, प्रधानाचार्य जीआईसी दिनेश पंत आदि उपस्थित थे। संचालन रमेश धपोला ने किया।
उधर राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबांज में मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई। प्रभारी डा. मंजू चंद्रा ने 15 फरवरी को अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. आरएस भट्ट, डा. मनोज भोज आदि उपस्थित थे।