अल्मोड़ा। डीएम सविन बंसल ने नंदादेवी महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नंदादेवी मंदिर परिसर पहुंचकर विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की जानकारी ली। जल निगम और जल संस्थान को सौंपे कार्य पूर्ण न होने पर नाराजगी जताई।
डीएम ने कहा कि नंदादेवी महोत्सव को शुरू हुए 200 साल हो चुके हैं। मेले को भव्य रूप देने में जिला प्रशासन मेला कमेटी को पूर्ण सहयोग करेगा। बिजली, मनोरंजन कर, दूरसंचार, पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त टीम बनाकर झूलते तारों को हटाएं।
पालिका के ईओ से कहा कि निर्धारित स्थान से हटकर यदि कोई दुकान लगाता है तो उसे चिन्हित करें। एसडीएम, डीएसपी की संयुक्त टीम इसका निरीक्षण कर हटाने का काम करेगी। ध्यान रखा जाए कि मेले में आने वाले दर्शनार्थियों को असुविधा नहीं हो।
डीएम ने नंदा गीता भवन सहित मंदिर का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप कार्रवाई करें। एसएसपी केएस गन्याल ने सड़क के किनारे अनियंत्रित वाहन लगाने वालों के चालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शिरीष पांडे, मनोज वर्मा, एलके पंत, मनोज जोशी, सुभाष वर्मा, मनोज सनवाल, दिनेश गोयल, तारा चंद्र जोशी ने भी सुझाव रखे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विवेक राय, डीएसपी आरएस टोलिया, ईओ नगर पालिका एके वर्मा आदि अधिकारी भी थे।