अल्मोड़ा । जिलाधिकारी सविन बसंल ने जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि को चालू माह में शत-प्रतिशत खर्च करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जो विभाग धनराशि व्यय नहीं करेंगे वह स्वयं जिम्मेदार रहेंगे।
ऐसे विभागों के बारे में शासन को अवगत कराया जाएगा। डीएम विकास भवन में जिला योजना और बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। अब तक की प्रगति में जिले के 17 विभाग ए श्रेणी, दो विभाग बी श्रेणी और एक विभाग सी श्रेणी में है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला योजना के अंतर्गत जो कार्य किए जाने हैं उन्हें समय से पूरा करें। लोनिवि, सामुदायिक विकास, उरेडा, ग्रामीण उद्योग, जल संस्थान, उद्यान, पर्यटन खेलकूद, समाज कल्याण, सिंचाई, जलनिगम विभाग का संतोषजनक कार्य नहीं मिला।
डीएम ने इन विभागों के अधिकारियों को चेताया कि कार्यप्रणाली में सुधार लाकर धनराशि को समय से व्यय करें। बीस सूत्रीय कार्यक्रम में जो विभाग बी श्रेणी में हैं वह ए श्रेणी में आने के लिए लक्ष्य की पूर्ति करे। बिजली, स्वजल विभाग के अधिकारियों से व्यक्तिगत ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि स्वजल विभाग द्वारा धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आशा के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है। अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करें। समाज कल्याण, स्वास्थ्य, जल संस्थान को बीस सूत्रीय कार्यक्रमों के लक्ष्यों में ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। राज्य सेक्टर के अंतगत भी विभागों की समीक्षा की।
जल संस्थान से कहा कि स्वीकृत धराशि को व्यय करने में लापरवाही नही बरतें। उन्होंने विभागों को पांच सितंबर तक रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए, ताकि जिला बी श्रेणी में अन्य जिलों के साथ स्थान बना सके। बैठक में सीडीओ प्रकाश चंद्र, परियोजना निदेशक डीडी पंत, डीडीओ मो. असलम, अर्थ संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी आदि ने भाग लिया।