सायंकालीन सेवा में दुग्ध संघ से रवाना होती एटीएम दुग्ध वैन।
- फोटो : अमर उजाला
दुग्ध संघ ने एटीएम मिल्क वैन की सायंकालीन सेवा भी शुरू कर दी है। अगले सप्ताह दुग्ध संघ को दूसरी एटीएम मिल्क वैन भी मिलने की संभावना है। जिसके बाद सायंकालीन सेवा के रूट में दूसरी एटीएम संचालित की जाएगी।
दुग्ध संघ पातालदेवी से महाप्रबंधक डॉ. एलएम जोशी ने सायंकालीन सेवा में एटीएम मिल्क वैन को सायं तीन बजे रवाना किया।
उन्होंने बताया कि यह वैन एनटीडी, एलआर साह मार्ग से होते हुए लिंक रोड से लोअर मालरोड पहुंचेंगी। इसके बाद एसएसजे परिसर की आवासीय कालोनी से होते हुए एलेक्जेंडर गेट से थाना बाजार होते हुए रघुनाथ मंदिर तक गई। एटीएम में दूध के साथ पनीर, मक्खन, घी, छेना, रबड़ी भी उपलब्ध है। वैन से पहले दिन 200 लीटर दूध की बिक्री हुई।
रवाना करने के मौके पर अरन नगरकोटी, पीएस कार्की, एके सिंह, आरएस लटवाल, एसएस बोरा, बीएस रावत, राजेंद्र कांडपाल भी मौजूद थे।