रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे से मुलाकात की। कहा कि प्रधानमंत्री एक तरफ डिजीटल लेन-देन को बढ़ावा दिए जाने की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ कुछ बैंकों के उपेक्षापूर्ण रवैये के चलते व्यापारी इस व्यवस्था को अपनाने से परहेज कर रहे हैं। बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ भी व्यापारियों ने आक्रोश जताया।
नगर क्षेत्र की तमाम समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को विस्तार से जानकारी दी। कहा कि नगर में मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है। सबसे अधिक आक्रोश बिजली की अघोषित कटौती और बैंकों के उपेक्षापूर्ण रवैये को लेकर था।
अध्यक्ष भगवंत नेगी ने कहा कि डिजीटल इंडिया का नारा दिया जा रहा है, लेकिन बैंक व्यापारियों को स्वैप मशीन उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। अधिकतर एटीएम कैशलैस रहते हैं। जिसका खामियाजा आम लोगों और व्यापारियों को भुगतना पड़ता है। कहा कि लंबे समय से बिजली की अघोषित कटौती चल रही है। जिससे बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मानसिक रूप से अस्वस्थ लोग नगर का माहौल खराब कर रहे हैं। उनके साथ उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी भी थे। इधर, संयुक्त मजिस्ट्रेट ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।