नरसिंह मैदान में अतिथियों के साथ क्रिकेट खिलाड़ी। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्रिकेट एसोसिएशन आफ अल्मोड़ा की ओर से नरसिंह मैदान में सीनियर जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। छठे मुकाबले में मेहरा स्पोर्ट्स एकेडमी और अल्मोड़ा फ्रेंड्स क्लब की टीमें आमने सामने थी। मेहरा क्लब ने 86 रनों से शानदार जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहरा क्लब की टीम ने 30.4 ओवर में 192 रन बनाए। अरविंद मेर ने 34, चंदन लटवाल ने 23 और सौरभ भंडारी ने 21 रनों का योगदान दिया। अल्मोड़ा के हिमांशु, रोशन, कुलदीप और आयुष ने 2-2 विकेट लिये। 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा फ्रेंड्स क्लब का कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नही खेल पाया, पंकज रावत ने 17 रन और हिमांशु तिवारी ने 16 रन बनाए और पूरी टीम 23वें ओवर में 106 रनों पर सिमट गई। मेहरा क्लब की ओर से ललित कनवाल और दीपक बिष्ट ने तीन-तीन विकेट झटके। भरत और रितिक ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इससे पहले मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक रोहित चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। क्रिकेट एसोसिएशन के उप सचिव धीरज वर्मा, सदस्य दीप उपाध्याय, पंकज जोशी, संरक्षक संजय मेहरा, व्यवसायी दीपक खंडेलवाल आदि ने अतिथियों का आभार जताया।