अल्मोड़ा। इन दिनों डाकघरों में भी सुबह से ही काफी संख्या में लोग आवश्यक कार्य के लिए पहुंच रहे हैं। नेटवर्क कनेक्टिविटी सही नहीं होने के कारण कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।
बुधवार सुबह अमर उजाला टीम ने मुख्य डाकघर अल्मोड़ा का जायजा लिया। सुबह करीब 11 बजे वहां करीब दो दर्जन लोग जमा थे लेकिन इंटरनेट में कनेक्टिविटी की दिक्कत के कारण लोगों के काम नहीं हो पा रहे थे। सुबह से ही कई लोग आरडी, एफडी, पोस्टल समेत विभिन्न कार्यों के लिए डाकघर आए थे लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण अधिकारी और कर्मचारी भी काफी परेशान दिखाई दिए। ऐसे में कई लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ा। कई लोग ऐसे भी थे, जिन्हें काफी लंबा इंतजार करना पड़ा। लोग दोपहर दो बजे भी लाइन में खड़े नजर आए।
विदेश से पैसे भेजे हैं, जिसे निकालने 50 किमी दूर से आया हूं लेकिन कनेक्टिविटी के कारण पैसे नहीं निकल पाए हैं। पिछले माह भी सात बार डाकघर के चक्कर काटे। बार-बार डाकघर आने में पैसे अधिक खर्च हो रहे हैं और काम नहीं हो पा रहा है। आज भी बिना पैसे निकाले ही वापस लौटना पड़ रहा है। -राजेंद्र सिंह नेगी, मंगलता
सुबह दस बजे से लाइन में खड़ी हूं। सारे काम छोड़ पहले पैसे जमा करवाने आई हूं लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण कार्य धीमी गति से हो रहें हैं। दो घंटे बाद नंबर आया है। कनेक्टिविटी की समस्या से निजात मिलनी चाहिए। - अनु पवार, थानाबाजार।
आरडी के कार्य से आया हूं। डाकघर में लंबी लाइन लगी हुई है। कार्य काफी देर में हो पा हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि नेटवर्क खराब रहने के कारण समस्या हो रही है। काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। -मनोज बजेठा, डूंगाधारा निवासी।
कोट
नेटवर्क की समस्या दुरुस्त करना विभाग के हाथ में नहीं है। नेटवर्क ठीक रहने पर कार्य तेजी से किए जाते पर हैं लेकिन कनेक्टिविटी नहीं रहने से उपभोक्ताओं के साथ ही विभाग के कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। - जगत सिंह बिष्ट, अधीक्षक,डाक विभाग