अल्मोड़ा। दन्या थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मौत से पहले युवक ने काफी मात्रा में शराब पी थी। पुलिस और चिकित्सक अधिक शराब पीने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं।
बृहस्पतिवार को दन्या के ग्राम चलथी स्थित एक मंदिर में पूजा का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि आयोजन के दौरान ही चलथी निवासी हिम्मत सिंह (34) ने कुछ ग्रामीण युवकों के साथ शराब पी। हिम्मत पहले से ही शराब पीने का आदी था। अधिक मात्रा में शराब पीने के बाद उल्टी होने पर ग्रामीणों ने उसे उसके घर पहुंचा दिया। रात करीब साढ़े आठ बजे हिम्मत की पत्नी हेमा ने उसे भोजन करने के लिए उठाना चाहा लेकिन हिम्मत सिंह नहीं उठा। हेमा ने अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने दन्या थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस हिम्मत सिंह को सीएचसी धौलादेवी लेकर पहुंची। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने हिम्मत सिंह को मृत घोषित कर दिया। दन्या थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि अधिक शराब पीने से हिम्मत की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।