मालरोड में जीजीआईसी और शिखर तिराहा में रविवार को भी कलमठ बनाने का काम जारी रहा। इसके चलते मालरोड में वाहनों का संचालन ठप रहा। रोडवेज और केमू बसों के अलावा अधिकांश टैक्सी वाहन भी धारानौला और लोअर मालरोड मार्ग से होकर चले। होली अवकाश के बाद रविवार को गंतव्यों के लिए जाने वाले यात्रियों की खासी भीड़ थी। यातायात के लिए मालरोड के बंद होने से यात्रियों को भी परेशानी हुई।
जीजीआईसी और शिखर तिराहा के पास सड़क में पूर्व में बने कलमठो की खुदाई कर ह्यूम पाइप डालकर सुधारीकरण का काम शनिवार से चल रहा है। शनिवार को भी इस मार्ग में वाहनों का संचालन आंशिक तौर पर प्रभावित रहा।
विज्ञापन
देर रात दोनों स्थानों पर गहरी खुदाई हो जाने से मालरोड में छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहा। सड़क की खुदाई के दौरान बीएसएनएल की ओएफसी और अलग-अलग मोहल्लों को गुजर रही पानी की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर ह्यूम पाइप डालने के बाद ही क्षतिग्रस्त लाइनें दुरुस्त हो सकेंगी। टेलीफोन और पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त हो जाने से संबंधित क्षेत्रों में पानी और टेलीफोन सेवाएं भी बाधित रही।
रविवार देर रात तक कलमठ का निर्माण कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद सोमवार को ही क्षतिग्रस्त केबल और पेयजल लाइनें दुरुस्त हो सकेंगी। इधर, होली पर्व पर अवकाश के बाद गंतव्यों को लौटने वाले यात्रियों की रविवार को खासी तादात थी। कई लोग वाहन पकड़ने मालरोड पहुंचे थे। इस सड़क के बंद होने से उन्हें वाहन पकड़ने के लिए धारानौला जाना पड़ा।