रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में विकास कार्यों के शिलान्यास पट तोड़े जाने के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के आरोपों पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक करन माहरा ने पलटवार करते हुए इसे विपक्ष को बदनाम करने की साजिश बताया है।
माहरा ने कहा कि आज तक रानीखेत में इस तरह शिलान्यास पट तोड़े जाने की घटना सामने नहीं आई। उन्होंने दावा किया कि सत्तापक्ष के लोग ही शिलापट तोड़ने की साजिश में शामिल हो सकते हैं और विपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगाकर विक्टिम कार्ड खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक के हाथ में पूरा पुलिस तंत्र है। यदि शिलापट तोड़े गए हैं तो निष्पक्ष जांच कराकर सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई कराई जानी चाहिए। माहरा ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर राजनीति करने के बजाय सरकार को रानीखेत की बदहाल सड़कों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें खराब हालत में हैं और जनता वास्तविक समस्याओं से जूझ रही है। शिलापट को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।