भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। हरीश रावत सरकार से प्रदेश की जनता तंग आ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर प्रदेश कांग्रेस सरकार का पर्दाफाश करें। भट्ट मानिला में गीता भवन में भाजपा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
भट्ट ने आरोप लगाया कि हरीश रावत सरकार ने उत्तराखंड को गर्त में धकेलने का काम किया है। राज्य में कानून व्यवस्था चौपट है। महिलाएं नारी निकेतन में भी सुरक्षित नहीं हैं। शराब, भू और खनन माफिया की चौकड़ी से मुख्यमंत्री घिरे हुए हैं। प्रदेश में सुशासन के लिए कांग्रेस को उखाड़ फेंकना होगा। साथ ही कांग्रेस के काले कारनामों का जनता में पर्दापाश करें। कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ भाजपा की नीतियों को जनता के बीच ले जाना होगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और कार्यकर्ता मिशन 2017 की तैयारी में जुट जाएं। सल्ट के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर दुर्भावनावश विकास कार्यों का धन रोकने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ठेकेदारों को पनपाने के लिए विभागों में गुप-चुप रूप से निविदा करवाकर विकास के धन की खुली लूट मचा रही है।
जिला प्रभारी गोविंद सिंह पिलख्वाल ने विधानसभा क्षेत्र के सभी पांच मंडलों की बूथों की समीक्षा की। इससे पहले मानिला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल शाही और संचालन प्रदेश पार्षद प्रताप रावत ने किया।
सम्मेलन में महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री लीला बिष्ट, पुष्पा भटट, दिनेश मेहरा, विमला रावत, धन सिंह रावत, त्रिलोक भंडारी, दर्शन बिष्ट, मदन मेहरा , राधा धौलाखंडी, महेश्वर मेहरा, नरेंद्र भंडारी, राधा रमण उप्रेती, देवीदत्त शर्मा, भगवती तिवाड़ी, नंदन सिंह , भैरव ढौडियाल, पूरन रजवार, मनोज करगेती, मंगल सिंह, मानवर सिंह, निर्मला शर्मा, टीडी शर्मा, मान सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
भिकियासैंण। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो, अजय भटट जैसा हो नारे लगाए। अध्यक्ष भट्ट ने सल्ट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की कार्यप्रणाली और व्यवहार की खुलकर प्रशंसा की और कहा कि विधायक ने पूरे उत्तराखंड में सल्ट का नाम रोशन कर मिसाल कायम की है।