भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिला विधिक प्राधिकरण की ओर से ब्लॉक सभागार भिकियासैंण में आयोजित किया गया। इस साक्षरता शिविर में जिला जज डॉ. ज्ञानेंद्र शर्मा ने महिला उत्थान के लिए बालिकाओं को गुणवत्तापरक और व्यवसायिक शिक्षा को आवश्यक बताते हुए कहा कोई भी वृद्ध महिला, पुरुष सरकारी योजनाओं से वंचित न रहें इसके लिए प्राधिकरण प्रयासरत है।
जिला जज ने कहा कि जनता के प्रति प्रशासनिक अमले को संवेदनशील होना जरूरी है। किसी भी मामले में पुलिस द्वारा एफआइआर दर्ज न करना एक बड़ा अपराध है। उन्होंने लोगों से अधिकार, कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की बात करते हुए कहा कि विधिक प्राधिकरण का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाना है। अशक्त लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया बताते हुए महिलाओं के लिए रोजगार सृजन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी तक कानून की जानकारी पहुंचे इसके लिए दूरदराज क्षेत्रों में विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। न्यायिक मजिस्ट्रेट एजाज ए वाहिद ने महिलाओं और बच्चों के प्रति बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए पॉस्को एक्ट की जानकारी दी।
शिविर में कानूनों, न्याय प्रक्रिया के बारे में बताया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोहर बिष्ट, तहसीलदार राधे राम, बीडीओ आरसी पंत, नरेश गुप्ता, जीएस चौहान, डॉ. प्रमोद नैनवाल, गंगाप्रसाद पंत, विक्रम मावड़ी, तारा रावत, सुमन गुप्ता, हरीश चौहान, पूरन रजवार, लीला बिष्ट, डॉ. विनोद कुमार आदि थे।