राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान में व्यवस्थाओं का जायजा लेते जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया
- फोटो : amar ujala
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार की तड़के सभी पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान अल्मोड़ा पहुंची। सल्ट विधानसभा क्षेत्र से अंतिम पोलिंग पार्टी तड़के ढाई बजे यहां पहुंची। पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनें जमा कराई। मतगणना स्थल में सभी ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष सील किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां मतगणना स्थल पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार को सुबह सबसे अंत में सल्ट विधानसभा की पोलिंग पार्टी पहुंची। मतगणना स्थल में बनाए गए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना स्थल में रखी ईवीएम, वीवीपैट मशीनों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष सील किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 23 मई को होने वाली मतगणना के लिए बनाए गए मतगणना स्थल की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में पीएसी, पुलिस तथा आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है।
मतगणना परिसर की निगरानी के लिए पर्याप्त सीसीटीवी लगाए गए हैं। अधिकारियों की ड्यूटी लगायी जा रही है जो दैनिक रजिस्टर में अपनी रिपोर्ट के अलावा स्ट्रांग रूम निरीक्षण में आने वाले अधिकारियों का विवरण दर्ज करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी स्ट्रांग रूम में जाकर ईवीएम और वीवीपैट मशीन का मिलान किया। सामान्य प्रेक्षक लोचन सेहरा ने छह विधानसभाओं के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। मतगणना स्थल पर फायर बिग्रेड की भी व्यवस्था की गई है।