अल्मोड़ा। जिले के भैंसियाछाना विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा थिकालना (सेलकूड़ा, ऐरीखान तोक) में भूमि विवाद को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम निवासी नन्दन सिंह राणा ने जिला अधिकारी को प्रेषित शिकायत में आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति द्वारा बाहुबलियों के माध्यम से उनकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
शिकायत के अनुसार शुक्रवार को करीब दर्जनभर अज्ञात लोग अचानक मौके पर पहुंचे और चौकीदार को अगवा कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि हमलावरों ने खेत की घेराबंदी में लगे कांटेदार तार काटकर वाहनों में भर लिए और मौके पर बने शौचालय को भी ध्वस्त कर दिया। शौचालय के पत्थर, दरवाजे और अन्य सामग्री भी अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित के मुताबिक घटनास्थल जंगल क्षेत्र में होने के कारण आरोपियों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई। परिवार को जान से मारने की धमकी देने की भी बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि उक्त भूमि उनके पिता ने वर्ष 1991 में खरीदी थी और तब से परिवार लगातार वहां कृषि एवं बागवानी कर रहा है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा आर्थिक क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।